खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ गिरिडीह में JMM का प्रदर्शन, बनियाडीह में फूंका पुतला

खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ गिरिडीह में JMM का प्रदर्शन, बनियाडीह में फूंका पुतला


गिरिडीह के बनियाडीह में झारखंड मुक्ति मोर्चा और झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन ने खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विधेयक का पुतला दहन किया गया। नेताओं ने आरोप लगाया कि विधेयक लागू होने से झारखंड की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।


झामुमो केंद्रीय समिति के सदस्य दिलीप मंडल ने विधेयक को झारखंड के हितों के खिलाफ बताते हुए गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने की बात कही। युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष कोलेश्वर सोरेन ने कहा कि केंद्रीय समिति के निर्देश पर पूरे गिरिडीह में आंदोलन को मजबूत किया जाएगा। नेताओं ने दावा किया कि विधेयक के असर से मंईयां सम्मान, सर्वजन पेंशन, अबुआ आवास और मुफ्त बिजली जैसी योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। संगठन के नेताओं ने कहा कि पहले चरण में लोगों को विधेयक के संभावित प्रभावों की जानकारी दी जा रही है।


वहीं झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन के अध्यक्ष हरगौरी साव छक्कू और सचिव तेजलाल मंडल ने चेतावनी दी कि यदि विधेयक वापस नहीं लिया गया तो गिरिडीह से कोयला बाहर नहीं जाने दिया जाएगा। प्रदर्शन में झामुमो और मजदूर यूनियन के कई पदाधिकारी, स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि विधेयक के खिलाफ आंदोलन को आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा।