केतार में घास काटने गई महिला को जहरीले सांप ने डंसा, हालत गंभीर
घास काटने गई महिला को जहरीले सांप ने डंसा, हालत गंभीर
केतार। केतार प्रखंड के पाल नगर निवासी मदन साह की पत्नी फूला देवी बुधवार दोपहर करीब एक बजे अपने खेत में घास काटने गयी थीं। इसी दौरान घास काटते समय एक जहरीले सांप ने उन्हें डंस लिया। सांप के डंसने के बाद फूला देवी किसी तरह अपने घर पहुंचीं और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवनाथपुर ले गये। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करते हुए एंटी स्नेक वेनम लगाया। इसके बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें तुम्बागड़ा रेफर कर दिया गया।
बरसात में सावधानी बरतने की अपील
बरसात के मौसम में खेत-खलिहान और आसपास के इलाकों में जहरीले सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में ग्रामीणों से खेत में काम करने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की गयी है। लोगों को सलाह दी गयी है कि घास, झाड़ियों या अंधेरे स्थानों में हाथ डालने से पहले अच्छी तरह जांच कर लें।
ग्रामीणों ने भी लोगों से सांप के डंसने की स्थिति में झाड़-फूंक के चक्कर में समय बर्बाद नहीं करने तथा तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार कराने की अपील की है।

