अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़, पुलिस एनकाउंटर में प्रिंस खान के 2 गुर्गे घायल, तीसरा फरार

अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़, पुलिस एनकाउंटर में प्रिंस खान के 2 गुर्गे घायल, तीसरा फरार

धनबाद! अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ की बड़ी खबर सामने आई है। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के निरंकारी चौक के पास पुलिस की गोली से गैंगस्टर भगोड़ा प्रिंस खान के दो गुर्गे घायल हुए हैं, जबकि तीसरा मौके से फरार होने में सफल रहा। दोनों अपराधी पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं। यह घटना सोमवार रात करीब 11 बजे निरंकारी चौक के पास हुई, जब आरोपी किसी व्यवसायी से लेवी वसूलने जा रहे थे। घायल दोनों गुर्गों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया। घायलों की पहचान वासेपुर के नूरी रोड मस्जिद के पास रहने वाले इरफान अंसारी उर्फ टुन्ना और पुटकी निवासी नाजिर अंसारी उर्फ नन्हे के रूप में हुई है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बरवाअड्डा पुलिस को जानकारी मिली कि प्रिंस खान के गुर्गे किसी जमीन कारोबारी से रंगदारी की रकम वसूलने के लिए पहुंच रहे हैं। बरवाअड्डा थाने की पेट्रोलिंग पार्टी उनकी तलाश में जुटी थी। इस बीच निरंकारी चौक के पास बाइक पर बैठकर तीन लड़कों को जाते देखा गया। पुलिस को संदेह हुआ तो तीनों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस की सक्रियता देख बाइक सवारों ने फायरिंग शुरू कर दी। आनन-फानन में भागने के दौरान प्रिंस खान के गुर्गों की बाइक पेट्रोलिंग वाहन से टकरा गई। तीनों फायरिंग की आड़ में भागने का प्रयास करने लगे। इस बीच पुलिस की जवाबी कार्रवाई में इरफान और नाजिर उर्फ नन्हे के पैर में गोली लग गई, जबकि तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। दोनों अपराधी बाइक (जेएच 10 डीके 7487) पर सवार थे।
घटना के बाद मौके पर वरीय पुलिस अधीक्षक(SSP) प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब, मुख्यालय-1 डीएसपी कुमार विनोद समेत धनबाद और बरवाअड्डा थाना की टीम घटनास्थल पर पहुंची, इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई। मौके से हथियार, मोबाइल फोन और बाइक बरामद की गई है। पुलिस फरार तीसरे अपराधी की तलाश में जुटी है।
SSP प्रभात कुमार ने बताया कि घटना के वक्त प्रिंस खान का बड़ा भाई गोपी खान गुर्गों से मोबाइल पर बात कर रहा था। पुलिस ने घायलों के मोबाइल जब्त किए हैं। घटनास्थल पर अपराधियों की बाइक के बगल में शूटरों के हथियार भी गिरे मिले हैं। घटना की जानकारी पर रांची से फॉरेंसिक एंड साइंस लैब की टीम धनबाद के लिए रवाना हो गई है। एफएसएल की टीम घटनास्थल का जायजा लेगी। इधर, मौके से फरार तीसरे अपराधी की जानकारी के आधार पर पुलिस सघन छापेमारी कर रही है।