राष्ट्रीय स्तर पर गिरिडीह पुलिस की चमक, SP डॉ. बिमल कुमार को मिली बड़ी पहचान
राष्ट्रीय स्तर पर गिरिडीह पुलिस की चमक, SP डॉ. बिमल कुमार को मिली बड़ी पहचान
गिरिडीह। अपराध नियंत्रण से लेकर जनमित्र पुलिसिंग तक बेहतर कार्यशैली का असर अब राष्ट्रीय स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को फेम इंडिया–एशिया पोस्ट के राष्ट्रीय सर्वेक्षण में देश के 100 सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तानों में शामिल किया गया है।
देशभर के करीब 1,100 से अधिक जिला पुलिस प्रमुखों के प्रदर्शन का आकलन कर तैयार की गई इस सूची में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, नेतृत्व क्षमता, जनसंपर्क, नवाचार, पारदर्शिता, त्वरित निर्णय क्षमता, संकट प्रबंधन और जनमित्र पुलिसिंग जैसे कई मानकों को आधार बनाया गया।
राष्ट्रीय स्तर की इस सूची में झारखंड से गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार के अलावा पाकुड़ एसपी अनुदीप सिंह, स्पेशल ब्रांच एसपी हृदिप पी. जनार्दन, धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार और सिमडेगा एसपी श्रीकांत सुरेशराव कोत्रे को भी स्थान मिला है।
फेम इंडिया–एशिया पोस्ट के अनुसार, इस सर्वेक्षण का उद्देश्य ऐसे पुलिस अधिकारियों को सामने लाना है, जिन्होंने बेहतर नेतृत्व, प्रभावी पुलिसिंग और जनता के बीच विश्वास कायम करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है।
अब चयनित 100 पुलिस कप्तानों में से देश के टॉप-25 पुलिस अधिकारियों की अगली सूची तैयार की जाएगी। यह सूची आगामी अंक में प्रकाशित की जाएगी।
डॉ. बिमल कुमार का इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल होना गिरिडीह पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। राष्ट्रीय सर्वेक्षण में मिली यह पहचान जिले में पुलिसिंग की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को नई मजबूती देने वाली उपलब्धि के तौर पर देखी जा रही है।

