देशभक्ति के रंग में रंगा नगर भवन, नन्हे कलाकारों ने जीवंत की आजादी की गौरवगाथा

देशभक्ति के रंग में रंगा नगर भवन, नन्हे कलाकारों ने जीवंत की आजादी की गौरवगाथा

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन, 12 से अधिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने दी शानदार प्रस्तुतियां; संत इग्नेशियस गुमला प्रथम, ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल द्वितीय और उर्सुलाइन कॉन्वेंट तृतीय स्थान पर

गुमला। 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को जिला प्रशासन, गुमला की ओर से नगर भवन में जिला स्तरीय रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो एवं पुलिस अधीक्षक हारिस बिन ज़मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्य अतिथियों एवं वरीय पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इसके साथ ही नगर भवन देशभक्ति गीतों, नृत्य और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंज उठा तथा पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर हो गया।

कार्यक्रम में जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी अहमद बेलाल अनवर, उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, परियोजना निदेशक आईटीडीए, अपर समाहर्ता राजीव नीरज, अनुमंडल पदाधिकारी अखिलेश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव, जिला नजारत उप समाहर्ता सह जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी ललन कुमार रजक, जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खालको, जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

गीत-नृत्य से जीवंत हुई स्वतंत्रता संग्राम की गाथा

दीप प्रज्वलन के बाद जिले के 12 से अधिक विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने एकल एवं सामूहिक गीत, नृत्य तथा अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम, वीर शहीदों के बलिदान और राष्ट्रप्रेम की भावना को मंच पर जीवंत कर दिया। बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देशभक्ति गीतों ने जहां माहौल को भावुक किया, वहीं जोशीले नृत्य और शानदार मंचीय प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग भर दी।

बच्चों ने अपने अभिनय, गीत और नृत्य के माध्यम से देश के वीर जवानों, स्वतंत्रता सेनानियों और स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली गाथा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। सीमित समय में की गई तैयारियों के बावजूद बच्चों ने शानदार मंचीय अनुशासन, सामूहिकता और अद्भुत कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर नगर भवन तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।

इस अवसर पर जिला नजारत उप समाहर्ता सह जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी ललन कुमार रजक की पुत्री नियति श्री ने भी देशभक्ति गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।

स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद कर कर्तव्य निभाने का आह्वान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों एवं गुमला जिले के वीर सपूतों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र और लोकतांत्रिक वातावरण में जीवन जी रहे हैं, उसके पीछे हमारे वीर स्वतंत्रता सेनानियों का अमूल्य बलिदान और संघर्ष है। हमें यह हमेशा याद रखना चाहिए कि देश को आजादी कितनी कठिन परिस्थितियों और लंबे संघर्ष के बाद मिली है।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों को अपनी कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने साबित कर दिया है कि गुमला की धरती प्रतिभाओं से समृद्ध है। उन्होंने कहा कि कला, खेल और अन्य क्षेत्रों में जिले के बच्चों को आगे बढ़ने के लिए निरंतर अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है।

उन्होंने जिलेवासियों से अपने कर्तव्यों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने तथा राष्ट्र एवं समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश और जिला लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़े हैं और सामूहिक सहभागिता से विकास की इस यात्रा को और गति दी जा सकती है।

“आजादी की गाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी” : एसपी

पुलिस अधीक्षक हारिस बिन ज़मा ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली गाथा को बार-बार नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि बच्चे और युवा यह समझ सकें कि देश को आजादी दिलाने के लिए महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों ने कितना कठिन संघर्ष और त्याग किया था।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों और अलग-अलग तरीकों से लोगों ने संघर्ष किया, लेकिन सभी का उद्देश्य एक था—भारत को अंग्रेजी हुकूमत से स्वतंत्र कराना। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम से लेकर महात्मा गांधी के सत्याग्रह और देश के विभिन्न हिस्सों में हुए आंदोलनों तक अनेक ऐतिहासिक घटनाओं ने आजादी की नींव को मजबूत किया।

एसपी ने कहा कि आज बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से इन ऐतिहासिक घटनाओं और राष्ट्रप्रेम की भावना को बेहद सुंदर ढंग से जीवंत किया है। उन्होंने बच्चों को प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले समय में इस मंच को और व्यापक एवं भव्य बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिस आजादी को हमारे पूर्वजों ने कठिन संघर्ष और बलिदान के बाद हासिल किया, उसकी गरिमा को बनाए रखना और देश की प्रगति में योगदान देना हम सभी का दायित्व है।

सांस्कृतिक प्रतियोगिता में इन विद्यालयों ने हासिल किए स्थान

सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर संत इग्नेशियस गुमला ने प्रथम स्थान, ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल गुमला ने द्वितीय स्थान तथा उर्सुलाइन कॉन्वेंट हाई स्कूल गुमला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को लेकर पूरे जिले में देशभक्ति, उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागी बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रप्रेम की भावना और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।