गुमला में संस्कृति ज्ञान महाअभियान शुरू, 3 हजार अभिभावकों को जोड़ने का लक्ष्य

संस्कार, संस्कृति और स्वाभिमान का संदेश लेकर शुरू हुआ संस्कृति ज्ञान महाअभियान

गुमला विभाग में 3,000 अभिभावकों को अभियान से जोड़ने का लक्ष्य, विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से कराया जाएगा परिचित

गुमला। विद्या भारती संस्कृति शिक्षा संस्थान, कुरुक्षेत्र के तत्वावधान में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, गुमला में संस्कृति ज्ञान महाअभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान के माध्यम से गुमला विभाग के करीब 3,000 अभिभावकों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और अभिभावकों को भारतीय संस्कृति, संस्कार, इतिहास एवं गौरवशाली परंपराओं से जोड़ना है।

अभियान का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेंद्र तिवारी एवं अभियान प्रमुख आचार्य देवेंद्र नाथ तिवारी ने किया। विद्यालय की वंदना सभा में उपस्थित अभिभावकों एवं भैया-बहनों को अभियान के उद्देश्य और गतिविधियों की जानकारी दी गई। इस दौरान अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को संस्कृति बोधमाला की पुस्तकें भी प्रदान की गईं।

अभियान के गुमला विभाग संयोजक आचार्य देवेंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि भारतीय संस्कृति केवल हमारी पहचान ही नहीं, बल्कि हमारे जीवन-मूल्यों और संस्कारों का आधार है। अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता से संस्कृति और संस्कारों का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।

विद्यालय के प्रधानाचार्य जितेंद्र तिवारी ने कहा कि अपनी संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास को जानकर ही नई पीढ़ी में आत्मगौरव और संस्कार की भावना विकसित की जा सकती है। संस्कारित समाज के निर्माण से ही श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को साकार किया जा सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि संस्कृति ज्ञान परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय इतिहास, महापुरुषों, संस्कारों, कला, साहित्य तथा देश की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपराओं की जानकारी दी जाती है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में अपनी संस्कृति और विरासत के प्रति समझ, सम्मान एवं गौरव की भावना विकसित करना है।

विद्यालय परिवार ने अभियान को सफल बनाने के लिए अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की है। अभियान के शुभारंभ से विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा।