गिरिडीह भाजपा की मासिक बैठक, SIR और आगामी कार्यक्रमों को लेकर बनी रणनीति

भारतीय जनता पार्टी गिरिडीह महानगर जिला की मासिक बैठक आज नगर मंडल में सिंकु सिन्हा, नगर अध्यक्ष के होटल, बस स्टैंड पेट्रोल पंप के पास, गिरिडीह में आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने किया। बैठक में जिला प्रभारी डॉ. संजय सिंह जी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में पार्टी द्वारा विगत दिनों चलाए गए विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के साथ-साथ जनसरोकार से जुड़े विषयों पर भी विशेष चर्चा हुई।

बैठक में SIR को लेकर विशेष फोकस किया गया। इसके अलावा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली कलश यात्रा, की तैयारी को अंतिम रूप दिया गया। स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व विभाजन विभीषिका स्मृति कार्यक्रम का आयोजन माँ तारा होटल में कल सुबह ११:०० बजे करने का निर्णय लिया गया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि धनबाद विधायक श्री राज सिन्हा जी उपस्थित रहेंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह भाजपा जिला कार्यालय हरीचक में आयोजित करने की तैयारियों तथा प्रदेश में चल रहे छात्र आंदोलन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक में समस्त जिला पदाधिकारी, गिरिडीह महानगर में निवास करने वाले प्रदेश पदाधिकारी एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, सभी मंडल प्रभारी एवं मंडल अध्यक्ष तथा वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

जिला अध्यक्ष रंजित कुमार राय ने कहा कि “भाजपा का संगठन निरंतर जनसेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय है। आज की बैठक में पिछले कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की ठोस रूपरेखा तैयार की गई है। संगठन के सभी कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ जनहित के मुद्दों को लेकर आगे बढ़ना है।”

जिला प्रभारी डॉ. संजय सिंह ने कहा कि “संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है। आज की बैठक में आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास से भाजपा गिरिडीह महानगर में संगठन को और अधिक मजबूत करते हुए जनसेवा के कार्यों को गति दी जाएगी।”