पांकी मजदूर किसान महाविद्यालय के छात्रों ने चलाया ‘हर घर तिरंगा’ जागरूकता अभियान, ग्रामीणों में जगाई देशभक्ति की अलख

पांकी मजदूर किसान महाविद्यालय के छात्रों ने चलाया ‘हर घर तिरंगा’ जागरूकता अभियान, ग्रामीणों में जगाई देशभक्ति की अलख

​पांकी
आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों में राष्ट्रीयता की भावना को और प्रगाढ़ करने के उद्देश्य से मजदूर किसान महाविद्यालय, डंडारकला के राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता अभियान संपन्न हुआ।
अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय द्वारा गोद लिए गए डंडाकिला पंचायत के विभिन्न टोलों—जिसमें सेहरा टोला, कुम्हार टोला, अंसारी टोला आदि शामिल हैं—में जाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया गया। छात्र-छात्राओं ने घर-घर जाकर लोगों को प्रेरित किया कि वे स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा अवश्य फहराएं और राष्ट्र के प्रति सम्मान व गौरव की भावना को आत्मसात करें।
महाविद्यालय के प्राचार्य की अध्यक्षता में आयोजित इस अभियान का सफल नेतृत्व NCC के एनओ डॉ. आलोक कुमार पाठक एवं NSS के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. वंशीधर सिंह ने किया। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने “हर घर तिरंगा—हर दिल तिरंगा” और “तिरंगा हमारी शान है, भारत की पहचान है” जैसे राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत नारों के माध्यम से पूरे पंचायत में देशभक्ति का संदेश दिया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि, “हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, स्वाभिमान और एकता की भावना को जन-जन तक पहुँचाने का राष्ट्रीय महाभियान है। तिरंगा हमारे गौरव, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को इसके सम्मान और गरिमा की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए।
इस भव्य अभियान में महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक तथा सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। युवाओं ने ग्रामीणों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस को केवल एक अवकाश न समझें, बल्कि प्रत्येक घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करें।