गिरिडीह में SIR-2026 की तैयारी पूरी, मतदाता सूची सुधार के लिए फॉर्म-6, 7 और 8 उपलब्ध
गिरिडीह में SIR-2026 की तैयारी पूरी, मतदाता सूची सुधार के लिए फॉर्म-6, 7 और 8 उपलब्ध
गिरिडीह में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर SIR-2026 के तहत मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी के लिए केवल अपने BLO से संपर्क करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
जिन नागरिकों की उम्र 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष हो जाएगी या जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जुड़वा सकते हैं। वहीं, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और एक स्थान से दूसरे स्थान पर नाम स्थानांतरित करने के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जाएगा। अलग-अलग बूथों पर दर्ज परिवार के सदस्यों के नाम को लेकर भी समय पर स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है।
उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मियों को SIR-2026 के दौरान नागरिकों को आवश्यक जानकारी और प्रपत्र समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शुद्ध मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है, इसलिए प्रत्येक पात्र नागरिक को पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।

