विश्व आदिवासी दिवस पर विचार गोष्ठी, संस्कृति और परंपरा को बचाने का लिया संकल्प

पलामू। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर बेरोजगार संघर्ष मोर्चा के जिला कार्यालय में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मोर्चा अध्यक्ष उदय राम ने की, जबकि संचालन संजय कुमार ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर माल्यार्पण और मंदार वादन के साथ हुई। उदय राम ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस हर वर्ष 9 अगस्त को आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज ने अपने अधिकारों और अस्तित्व के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया है। कूटकू, नेतरहाट, कोयलकरी और कट्ठीकुंड आंदोलनों में आदिवासी समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने पूर्वजों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को याद करते हुए उनकी सामाजिक विरासत को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उदय राम ने कहा, “संस्कृति हमारी पहचान है और परंपरा हमारा गौरव।” उन्होंने युवा पीढ़ी से अपनी भाषा, कला, परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों को समझने तथा आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की अपील की।

मौके पर शिव नारायण साहू, कृष्णा राम, जयपाल मोची, संतोष विश्वकर्मा, सतीश दुबे, संजय मिस्त्री, संजय चौरसिया, गोपाल चौधरी समेत कई लोगों ने अपने विचार रखे। रामनरेश महतो ने धन्यवाद ज्ञापित किया।