दिल्ली में अमित शाह से मिले सुरेश साव और ढुल्लू महतो, झारखंड के मुद्दों पर हुई चर्चा
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह गोड्डा जिला प्रभारी सुरेश साव और धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान झारखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों के साथ-साथ गिरिडीह और धनबाद से जुड़े संगठनात्मक एवं जनहित के मुद्दों पर चर्चा की गई। नेताओं ने राज्य में बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर भी अपनी चिंताएं रखीं।
इस दौरान सांसद ढुल्लू महतो की ओर से विभिन्न जनहित एवं समसामयिक विषयों से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन भी केंद्रीय मंत्री को सौंपा गया। इसमें राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की मांग रखी गई।
भाजपा नेताओं ने मुलाकात को संगठनात्मक मार्गदर्शन और झारखंड से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया।

