गिरिडीह जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 का समापन, शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
गिरिडीह जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 का समापन, शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
गिरिडीह। जिला बैडमिंटन संघ के तत्वावधान और नवजीवन नर्सिंग होम के सौजन्य से आयोजित तीन दिवसीय “गिरिडीह जिला बैडमिंटन प्रतियोगिता सह चैंपियनशिप-2026” का 2 अगस्त को इंडोर स्टेडियम में समापन हुआ। 31 जुलाई से 2 अगस्त तक चली प्रतियोगिता में अंडर-11 से पुरुष वर्ग तक खिलाड़ियों ने विभिन्न मुकाबलों में अपनी प्रतिभा दिखाई। अंडर-11 बालक एकल में जिश्नु सयान विजेता और आयांश आनंद उपविजेता रहे। अंडर-13 बालक एकल में सक्षम लहरी ने पहला तथा अक्षत गुप्ता ने दूसरा स्थान हासिल किया। अंडर-13 बालिका एकल में काश्वी कृष्णा विजेता और आकांक्षा कुमारी उपविजेता रहीं, जबकि अंडर-13 बालक युगल में आर्यन यादव और अक्षत गुप्ता की जोड़ी विजेता बनी।
अन्य मुकाबलों में अंडर-15 बालिका एकल में दिशु गुप्ता, अंडर-17 बालक एकल में अंकित कुमार और पुरुष एकल में आदर्श पांडेय ने जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 के लिए किया गया है। सीनियर कोच मुकेश कुमार और कोच रौशन कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनकी सफलता को नियमित अभ्यास, मेहनत और अनुशासन का परिणाम बताया। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता लगातार उपलब्ध कराने की बात कही तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए अभिभावकों, आयोजकों, निर्णायकों और मुख्य प्रायोजक नवजीवन नर्सिंग होम का आभार जताया।

