देवघर में पुलिस ने पेश की मानवता की मिसाल, दिव्यांग श्रद्धालु को गोद में उठाकर कराया जलार्पण
देवघर में पुलिस ने पेश की मानवता की मिसाल, दिव्यांग श्रद्धालु को गोद में उठाकर कराया जलार्पण
देवघर। राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम में तैनात पुलिसकर्मियों ने सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे एक दिव्यांग श्रद्धालु वीआईपी गेट तक पहुंच गए थे, लेकिन शारीरिक असमर्थता के कारण गर्भगृह तक जाकर जलार्पण नहीं कर पा रहे थे। उनकी परेशानी देख ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने तत्काल मदद के लिए कदम बढ़ाया।
पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालु को सम्मानपूर्वक गोद में उठाकर सुरक्षित तरीके से मंदिर के गर्भगृह तक पहुंचाया और बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण कराया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर पुलिसकर्मियों की सराहना की। अधिकारियों के अनुसार, श्रावणी मेले में पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था के साथ जरूरतमंद श्रद्धालुओं की सहायता और सुविधा का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

