झारखंड में बदलेगा आयुष CHO का पदनाम, अब कहलाएंगे आयुष चिकित्सा पदाधिकारी
रांची। झारखंड में कार्यरत आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (AYUSH CHO) के पदनाम में जल्द बदलाव होने की संभावना है। आयुष निदेशालय की ओर से भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के निर्देश के आलोक में पदनाम परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रस्ताव के अनुसार आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी का पदनाम बदलकर ‘आयुष चिकित्सा पदाधिकारी सह आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी’ किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आयुष निदेशक ने पदनाम परिवर्तन से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर उच्चस्तरीय अनुमोदन प्राप्त करने की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश दिया है। अनुमोदन मिलने के बाद राज्य में कार्यरत आयुष सीएचओ नए पदनाम से जाने जाएंगे।
पदनाम परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इससे संबंधित औपचारिक आदेश जारी होने की उम्मीद है। फिलहाल प्रस्ताव को आवश्यक विभागीय एवं उच्चस्तरीय स्वीकृति की प्रक्रिया से गुजरना होगा।
संवाददाता : मनोज कुमार गुप्ता

