पलामू में अड्डेबाजी के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान, 100 से अधिक लोगों से पूछताछ
पलामू। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर एक अगस्त की रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अड्डेबाजी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की और सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी कर रहे 100 से अधिक लोगों को पूछताछ के लिए संबंधित थानों में लाया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान संबंधित व्यक्तियों की गतिविधियों के बारे में जानकारी ली गई। इसके बाद उन्हें भविष्य में अड्डेबाजी करने, कानून-व्यवस्था भंग करने अथवा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि में शामिल नहीं होने की सख्त हिदायत दी गई। समझाने और आवश्यक पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी चलाए जाएंगे। साथ ही चेतावनी दी गई कि दोबारा अड्डेबाजी या किसी असामाजिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

