झरघट्टा के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, राताबहियार में विद्यालय प्रबंधन समिति का पुनर्गठन संपन्न

झरघट्टा के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, राताबहियार में विद्यालय प्रबंधन समिति का पुनर्गठन संपन्न

गांडेय। गांडेय प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत झरघट्टा के ग्राम राताबहियार स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय राताबहियार में गुरुवार को विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) का पुनर्गठन शांतिपूर्ण एवं सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। पुनर्गठन प्रक्रिया में जन प्रतिनिधि,अभिभावकों, विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही।

पुनर्गठन के दौरान सर्वसम्मति से पुरुषोत्तम यादव को समिति का अध्यक्ष,रुपनी टुडू को उपाध्यक्ष तथा सुनीता कुमारी को संयोजिका चुना गया। चयन के बाद उपस्थित लोगों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय प्रबंधन समिति के पुनर्गठन की पूरी प्रक्रिया पर्यवेक्षक अशोक कुमार मोदी, सचिव अजय कुमार सिंह की देखरेख में संपन्न हुई। इस अवसर पर ग्राम पंचायत झरघट्टा के मुखिया हलदर राय, पूर्व मुखिया प्रकाश कुमार, वार्ड सदस्य पति गिरधारी गोप,पंचायत समिति सदस्य विकाश कुमार यादव भी मौजूद रहे। उन्होंने नवनिर्वाचित समिति से विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बच्चों की नियमित उपस्थिति, स्वच्छ वातावरण और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यालय के सर्वांगीण विकास में विद्यालय प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

बैठक में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने विद्यालय के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने, बच्चों के नामांकन एवं नियमित उपस्थिति बढ़ाने तथा विद्यालय के विकास कार्यों में सहयोग करने का संकल्प लिया।

इस मौके पर शिक्षा विभाग के निर्देशों की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि शिक्षा सचिव के निर्देशानुसार सभी सरकारी विद्यालयों में विद्यालय प्रबंधन समिति का पुनर्गठन शीघ्र पूरा किया जाना है, ताकि विद्यालयों के संचालन में जनभागीदारी बढ़े और शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाया जा सके। विद्यालय में संपन्न यह पुनर्गठन कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।