ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, गढ़वा में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई गुरु पूर्णिमा

गढ़वा। ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, गढ़वा में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, सम्मान एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं गुरु वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने गुरु-भक्ति पर आधारित गीत, नृत्य एवं प्रेरक विचार प्रस्तुत कर गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉo श्री निरकेश शर्मा  ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु केवल ज्ञान के दाता ही नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक भी होते हैं। हमारे माता पिता हमारे पहले गुरु होते हैं।उन्होंने विद्यार्थियों से अपने गुरुजनों का सदैव सम्मान करने तथा उनके बताए आदर्शों का पालन करने का आह्वान किया। वहीं विद्यालय के निदेशक महोदय श्री अनूप सोनी एवं सचिव श्री आलोक सोनी ने भी सभी को गुरु पूर्णिमा की ढेर सारी शुभकामनाएँ दी।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों का तिलक लगाकर एवं पुष्प अर्पित कर सम्मान किया। पूरे विद्यालय परिसर में श्रद्धा, सम्मान एवं भारतीय संस्कृति की अनुपम छटा देखने को मिली।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए ज्ञान, अनुशासन एवं संस्कारों के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।