महुआडांड़ पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, चोरी की मोटर बरामद, दो गिरफ्तार

​महुआडांड़ में अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश: थाना प्रभारी मनोज कुमार की त्वरित कार्रवाई से फ्लाई ऐश ब्रिक मशीन की मोटर चुराने वाले गिरफ्तार, छत्तीसगढ़ के पत्रकार का बेटा निकला मास्टरमाइंड

​महुआडांड़ (लातेहार)

​लातेहार जिले की महुआडांड़ थाना पुलिस ने महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करने में सफलता हासिल की है। बासकरचा स्थित फ्लाई ऐश ब्रिक (ईंट) मेकिंग प्लांट में हुई चोरी की घटना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए महुआडांड़ थाना पुलिस की टीम ने छापेमारी कर चोरी की मोटर और केबल तार बरामद कर लिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जिनमें छत्तीसगढ़ के एक पत्रकार का पुत्र भी शामिल है।

​थाना प्रभारी मनोज कुमार की त्वरित कार्रवाई से हड़कंप

​घटना की सूचना मिलते ही महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार ने पुलिस बल के साथ त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस की सक्रियता और त्वरित जांच के कारण चोरी में शामिल आरोपियों को भागने का मौका नहीं मिला और गिरोह की निशानदेही पर चोरी गया माल बरामद कर लिया गया। थाना प्रभारी और महुआडांड़ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय ग्रामीणों और व्यवसायियों ने जमकर सराहना की है।

​ग्रामीणों ने एक को दबोचा, दो भागने में सफल रहे

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, बासकरचा स्थित फ्लाई ऐश ब्रिक मशीन से देर रात चोर मोटर चुराने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान स्थानीय ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी और ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए एक चोर को रंगे हाथ धर दबोचा, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना महुआडांड़ पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।

​नशे की लत में बने चोर, पहले भी कर चुके हैं कई चोरियाँ

​पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गिरोह के सदस्य नशे के आदी हैं और अपनी लत को पूरा करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इससे पूर्व भी इस गिरोह ने रेंगाई में स्थित हिंदू महासभा के अध्यक्ष मनोज जायसवाल एवं पत्रकार देवानंद प्रसाद के फ्लाई ऐश ब्रिक प्लांट से मोटर चोरी कर बेची थी।

​छत्तीसगढ़ के पत्रकार का बेटा चला रहा था गिरोह

​मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि गिरफ्तार मुख्य आरोपियों में से एक सैफ अंसारी (23 वर्ष), छत्तीसगढ़ राज्य के बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के पत्रकार जसीम खान (अंसारी) का पुत्र है।

​गिरफ्तार अभियुक्त

​सैफ अंसारी (23 वर्ष), पिता- जसीम खान (अंसारी), निवासी- बाजारपारा, थाना- कुसमी, जिला- बलरामपुर (छत्तीसगढ़)।
​शाहीद कमाल उर्फ शाहिद खान (44 वर्ष), पिता- कमाल अहमद, निवासी- दीपाटोली, थाना- महुआडांड़, जिला- लातेहार।

​कबाड़ियों और बिचौलियों के माध्यम से खपाते थे चोरी का माल

​यह गिरोह चोरी की गई मशीनों और तारों को स्थानीय कबाड़ियों के अलावा कुसमी (छत्तीसगढ़) तक में खपाता था। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपियों ने महुआडांड़ के शाहिद खान (दीपाटोली), अजीम अंसारी (गौसिया मस्जिद के पास, अंबवाटोली) तथा छत्तीसगढ़ के करकली क्षेत्र में चोरी का सामान बेचा था।

​मामला दर्ज, शेष आरोपियों की तलाश जारी

​महुआडांड़ थाना में इस संबंध में काण्ड संख्या – 40/26 (दिनांक- 28/07/2026), धारा- 303(2)/317(4)/3(5) BNS के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी की मोटर और केबल तार जप्त कर दोनों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि गिरोह के फरार अन्य सदस्यों और चोरी का सामान खरीदने वाले अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी जारी है।