नेतरहाट से 7 वर्षीय बच्ची सकुशल बरामद, POCSO मामले में आरोपी गिरफ्तार

नेतरहाट से 7 वर्षीय नाबालिग बच्ची सकुशल बरामद, आरोपी जगदीश नगेशिया गिरफ्तार – महुआडांड पुलिस की त्वरित कार्रवाई

महुआडांड, लातेहार। महुआडांड थाना क्षेत्र से लापता 7 वर्षीय नाबालिग बच्ची को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नेतरहाट से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया हैमहिला थाना महुआडांड में कांड संख्या 09/26, दिनांक 27/07/2026 दर्ज किया गया था। मामला धारा 96 BNS एवं 8/12 POCSO एक्ट के तहत दर्ज है।पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त जगदीश नगेशिया, उम्र करीब 20 वर्ष, पिता-अग्नु नगेशिया, ग्राम-दीपटोली, थाना-महुआडांड, जिला-लातेहार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे माननीय न्यायालय में उपस्थापित कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस की तत्परता से मिली सफलता

बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही महुआडांड पुलिस ने तुरंत खोजबीन शुरू की। तकनीकी अनुसंधान और स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस टीम ने नेतरहाट क्षेत्र में छापेमारी कर बच्ची को सकुशल बरामद किया। बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है और उसे परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।
महुआडांड पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों और प्रखंड वासियों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने कहा है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और POCSO एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।