MACP को लेकर शिक्षकों का विरोध, आदेश की प्रति जलाकर किया प्रदर्शन

गिरिडीह। झारखंड ऑफिसर्स, टीचर्स एंड एम्प्लॉइज फेडरेशन (JHAROTEF) के आह्वान पर रविवार को राज्यव्यापी “MACP अधिकार प्रतिवाद दिवस” के अंतर्गत गिरिडीह में भी शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिले के सभी प्रखंडों के प्राथमिक, मध्य, उच्च एवं उच्चतर विद्यालयों से बड़ी संख्या में जुटे कर्मचारियों ने शिक्षा विभाग के उस आदेश का कड़ा विरोध जताया, जिसमें शिक्षकों को अन्य राज्यकर्मियों की तरह MACP (Modified Assured Career Progression) का लाभ न देने का प्रावधान किया गया है।
प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक तरीके से विरोध स्वरूप विभागीय आदेश की प्रतीकात्मक प्रति जलाई और “एक ही मांग, एक ही नारा — शिक्षकों को मिले MACP हमारा” के नारे लगाकर अपनी मांग उच्चारित की। JHAROTEF प्रांतीय उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि सरकार ने चुनावी घोषणा-पत्र व विधानसभा में शिक्षक कर्मचारियों को समान MACP देने का आश्वासन दिया था, परन्तु विभागीय आदेश उन वादों के विपरीत है और यह लाखों शिक्षकों का विश्वास भंग करता है।
जिला अध्यक्ष मुन्ना प्रसाद कुशवाहा ने फैसला अनुचित व असमान बताया और तत्काल आदेश वापस लेने की मांग की। प्रांतीय महिला सचिव शमा परवीन ने कहा कि संगठन लोकतांत्रिक सीमाओं में रहकर संघर्ष को आगे बढ़ाएगा। महासंघ ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो चरणबद्ध आंदोलन तेज कर मुख्यमंत्री आवास तक शांतिपूर्ण कूच किया जाएगा।