गुमला में बस से टकराई स्कूटी, युवक घायल; 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया
टोटाम्बी के समीप बस से टकराई स्कूटी, अचानक ब्रेक लगने से हुआ हादसा।
युवक के सिर और जांघ में लगी चोट, 108 एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
गुमला- घाघरा मुख्य मार्ग पर सोमवार को टोटाम्बी के समीप एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब आगे चल रही बस के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे चल रही स्कूटी बस के पिछले हिस्से से जा टकराई। दुर्घटना में युवक के सिर और जांघ में चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल की पहचान मुकेश असुर (21 वर्ष), पिता किशुन असुर, निवासी ग्राम जाॅभीपाट, थाना बिशुनपुर के रूप में हुई है। घायल मुकेश असुर ने बताया कि वह अपने निजी कार्य से स्कूटी पर सवार होकर गुमला आ रहे थे। टोटाम्बी के समीप उनके आगे एक बस चल रही थी। इसी दौरान बस चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। दूरी कम होने के कारण वह अपनी स्कूटी को समय पर नियंत्रित नहीं कर सके और सीधे बस के पीछे जाकर टकरा गए।
टक्कर इतनी तेज थी कि मुकेश सड़क पर गिर पड़े, जिससे उनके सिर और पैर की जांघ में चोटें आईं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के पहुंचने पर घायल को सदर अस्पताल गुमला लाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना उनके परिजनों को भी दे दी है। घायल की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

