राजस्व संग्रह, SIR-2026 और लंबित मामलों पर आयुक्त सख्त, 24 घंटे में डिजिटाइजेशन पूरा करने का निर्देश
राजस्व संग्रह, SIR-2026 और लंबित मामलों पर आयुक्त सख्त, 24 घंटे में डिजिटाइजेशन पूरा करने का निर्देश
उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने गिरिडीह समाहरणालय में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक कर राजस्व संग्रह, SIR-2026 के डिजिटाइजेशन, अवैध खनन, अवैध शराब और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को लक्ष्य आधारित कार्यशैली अपनाने और जवाबदेही के साथ काम करने पर जोर दिया।
गिरिडीह समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने राजस्व संग्रह, विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम SIR-2026, DMFT एवं PMKKKY योजनाओं, राजस्व न्यायालय, भू-अर्जन, नगर निगम और विधि शाखा सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने SIR-2026 के तहत शेष डिजिटाइजेशन कार्य को अगले 24 घंटे के भीतर शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही बेहतर कार्य करने वाले BLO को सम्मानित करने की बात कही।
बैठक में परिवहन विभाग को अवैध खनन में प्रयुक्त वाहनों की नियमित जांच और स्कूल बसों की विशेष जांच करने, उत्पाद विभाग को अवैध शराब के खिलाफ लगातार छापेमारी चलाने तथा खनन विभाग को अवैध खनन और बालू उठाव पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम को होल्डिंग टैक्स संग्रह बढ़ाने, शहर के प्रमुख चौक-चौराहों की नियमित सफाई और खराब हाईमास्ट लाइटों को जल्द दुरुस्त करने को कहा गया।
आयुक्त ने राजस्व न्यायालयों, म्यूटेशन, भू-अर्जन, निबंधन और विधि शाखा के लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही बायोमेट्रिक उपस्थिति, आय, जाति और आवासीय प्रमाण-पत्रों के त्वरित निर्गमन तथा जिला मुख्यालय में पदस्थापित अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी विभागों को आयुक्त के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने SIR-2026 का डिजिटाइजेशन समय सीमा के भीतर पूरा करने, राजस्व संग्रह में वृद्धि, PG Portal और CPGRAMS की शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा अवैध गतिविधियों के खिलाफ नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। समीक्षा बैठक में प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

