स्व. नरेंद्र सिन्हा “छोटन” की छठी पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर, 50 यूनिट संग्रह का लक्ष्य
स्व. नरेंद्र सिन्हा “छोटन” की छठी पुण्यतिथि पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन, 50 यूनिट रक्त संग्रहित करने का लक्ष्य
गिरिडीह। समाजसेवी एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे स्वर्गीय नरेंद्र सिन्हा “छोटन” की छठी पुण्यतिथि पर आज सोमवार को नरेंद्र सिन्हा मेमोरियल फाउंडेशन के तत्वावधान में नरेंद्र सिन्हा चिल्ड्रेन पार्क, बरमसिया, गिरिडीह में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान लगभग 30 यूनिट रक्त संग्रहित किया जा चुका है, जो आगे भी जारी है।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय नरेंद्र सिन्हा “छोटन” के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके बताए सेवा एवं मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
स्वर्गीय नरेंद्र सिन्हा “छोटन” अपने जीवनकाल में जनसेवा के पर्याय रहे। विशेष रूप से कोरोना महामारी के कठिन दौर में उन्होंने अपने निजी संसाधनों से लगातार कई महीनों तक प्रतिदिन भोजन तैयार करवाकर गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुँचाया। इसके साथ ही विभिन्न राज्यों में फँसे प्रवासी मजदूरों की सुरक्षित घर वापसी के लिए भी उन्होंने निरंतर प्रयास किए। संकट की उस घड़ी में उनका सेवा भाव हजारों लोगों के लिए आशा का सहारा बना। उनकी स्मृति में आयोजित यह रक्तदान शिविर उनके सेवा, समर्पण और मानवता के आदर्शों को आगे बढ़ाने का एक विनम्र प्रयास है।
फाउंडेशन के संयोजक अजय कुमार सिन्हा एवं सचिव बिकाश सिन्हा ने रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं उपस्थित सभी नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवनदान देने का सबसे श्रेष्ठ माध्यम है। उन्होंने समाज के प्रत्येक स्वस्थ नागरिक से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। कहा कि स्मृतिशेष नरेंद्र सिन्हा की जयंती एवं पुण्यतिथि के अवसर पर प्रत्येक वर्ष सेवा कार्य हेतु रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है।
कार्यक्रम में गिरिडीह नगर निगम के उप महापौर सुमित कुमार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केडिया, गिरिडीह बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रकाश सहाय, महासचिव चुन्नूकांत, अंजनी सिन्हा, शुभ सिन्हा, अमित सिन्हा, वैष्णवी नन्द, आदया सिन्हा, अद्विक, आरव, चाँद रशीद, राजा अंसारी, अफरीदी शेख, सतीश कुंदन, अभिषेक सहाय, नरेश वर्मा, उपेंद्र सिंह, आनंद वर्मा, सीए आकाश रौशन, श्रेयांश सौरव, साहिल राज, परिणय सिन्हा, कुंदन यादव, सत्यम यादव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण, सामाजिक कार्यकर्ता, फाउंडेशन के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

