केडिया बंधुओं को पद्म सम्मान देने की उठी मांग, गृह मंत्री को भेजा गया पत्र
भारतीय शास्त्रीय संगीत साधक पंडित मनोज केडिया और पंडित मोर मुकुट केडिया को पद्म सम्मान देने की मांग उठी है। सामाजिक व सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील कुमार खंडेलवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री को अनुरोध पत्र भेजा है। केडिया बंधु पिछले 50 वर्षों से सितार और सरोद जुगलबंदी के माध्यम से भारतीय संस्कृति को विश्व स्तर पर नई पहचान दिला रहे हैं।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि केडिया बंधु पिछले लगभग 50 वर्षों से अपनी अद्वितीय सितार–सरोद जुगलबंदी के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा का देश-विदेश में गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने अमेरिका, जर्मनी, चीन, वियतनाम सहित अनेक देशों में भारतीय संस्कृति का सफल प्रतिनिधित्व किया है तथा वियतनाम के हनोई में अपनी “गोल्डन डुएट” प्रस्तुति के लिए एक्सीलेंस अवार्ड भी प्राप्त किया है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि भारत सरकार के विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों में उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों ने व्यापक सराहना प्राप्त की है। नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने भी उनकी संगीत साधना की व्यक्तिगत रूप से प्रशंसा की थी। इसके अतिरिक्त, भारतीय शास्त्रीय संगीत में उनके अतुलनीय योगदान के लिए झारखंड सरकार द्वारा उन्हें राज्य के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “झारखंड रत्न” से भी सम्मानित किया जा चुका है।

