केतार में अवैध खाद बिक्री पर कार्रवाई की मांग, बीडीओ को सौंपा आवेदन
अवैध खाद बिक्री पर रोक लगाने की मांग, लाइसेंसधारी दुकानदारों ने बीडीओ को सौंपा आवेदन
केतार गढ़वा केतार प्रखंड क्षेत्र के लाइसेंसधारी खाद एवं बीज दुकानदारों ने सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी प्रशांत कुमार को आवेदन सौंपकर अवैध रूप से खाद बेचने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
आवेदनकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि प्रखंड क्षेत्र के मेन बाजार कई गांवों में उत्तर प्रदेश से खाद लाकर बिना लाइसेंस के उसकी बिक्री की जा रही है। इससे न केवल सरकारी नियमों का उल्लंघन हो रहा है, बल्कि लाइसेंसधारी खाद-बीज विक्रेताओं का व्यवसाय भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों का कहना है कि वर्तमान में उनकी आर्थिक स्थिति काफी खराब हो चुकी है, जबकि अवैध रूप से खाद बेचने वाले खुलेआम कारोबार कर रहे हैं।
आवेदन में मेहता बीज भंडार, कुशवाहा बीज भंडार, प्रभात बीज भंडार एवं मां भगवती ट्रेडर्स के संचालकों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन पर सूर्यदेव प्रसाद, संनेश मेहता, चाहत सिंह एवं रवि मेहता के हस्ताक्षर हैं।
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचलाधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में शिकायत सत्य पाई जाती है तो अवैध रूप से खाद बेचने वालों के विरुद्ध नियमानुसार विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

