सेवा सप्ताह में विश्व हिन्दू परिषद-बजरंग दल का पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

सेवा सप्ताह में पर्यावरण संरक्षण का संदेश, बेन्दवाकोना विद्यालय परिसर में विश्व हिन्दू परिषद-बजरंग दल ने किया पौधारोपण।

रायडीह (गुमला): पर्यावरण संरक्षण और सेवा कार्यों के प्रति समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा मनाए जा रहे सेवा सप्ताह के तहत शुक्रवार को रायडीह प्रखंड के सुरसांग थाना क्षेत्र स्थित हीरादह धाम के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बेन्दवाकोना परिसर में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल के जिला सत्संग प्रमुख सह पूर्णकालिक कार्यकर्ता अशोक सिंह ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक लक्ष्मीनारायण सिंह, सहायक शिक्षक विश्वनाथ सिंह, सत्यनारायण सिंह, मनोज सोरेंग तथा विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
अशोक सिंह ने कहा कि विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा 5 से 12 जुलाई तक सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान उपखंड, खंड, प्रखंड, जिला, विभाग एवं प्रांत स्तर पर कार्यकर्ताओं के माध्यम से पौधारोपण, रक्तदान शिविर, मेडिकल कैंप सहित अनेक जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि मानव जीवन के आधार भी हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।