वनमहोत्सव सप्ताह: स्कॉलर बी.एड. कॉलेज ने बांटे सैकड़ों पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

गिरिडीह। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से स्कॉलर बी.एड. कॉलेज, गिरिडीह द्वारा आज शहर में वनमहोत्सव सप्ताह के तहत बड़े पैमाने पर पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. शालिनी खोवाला ने की और इसका शुभारम्भ महाविद्यालय निदेशक ध्रुव स॔थालिया ने राहगीरों को पौधे देकर किया।
डॉ. शालिनी खोवाला ने अपने संबोधन में कहा कि ग्लोबल वार्मिंग और बढ़ते प्रदूषण से निपटने के लिए युवा और शिक्षक प्रशिक्षुओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए। “एक पौधा लगाना केवल प्रकृति की सेवा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।”
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सैकड़ों प्रशिक्षुओं ने भाग लिया और आमजन, दुकानदारों एवं राहगीरों में निःशुल्क फलदार व छायादार पौधे वितरित किए। वितरित पौधों में आम, अमरूद, जामुन, आँवला, पपीता तथा नींबू प्रमुख थे। आयोजकों ने पौधों की सही देखभाल के सुझाव भी जनता को दिए तथा शहर को हरा-भरा बनाने हेतु निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. संतोष कुमार चौधरी और आशीष राज ने आयोजन की व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया। डी एल एड प्रभारी डॉ. हरदीप कौर सहित सहायक व्याख्याता एवं कार्यालय कर्मचारी भी मौजूद थे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय रहे।