जन समाधान दिवस में ऑन-द-स्पॉट समाधान,मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की दो लाभुकों की समस्या का तत्काल हुआ निराकरण
जन समाधान दिवस में ऑन-द-स्पॉट समाधान,मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की दो लाभुकों की समस्या का तत्काल हुआ निराकरण
डीसी के निर्देश पर तकनीकी त्रुटियां दूर,अगले माह से दोनों महिलाओं के खाते में पहुंचेगी योजना की राशि
प्रत्येक बुधवार की भांति इस सप्ताह भी समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में जन समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। इस दौरान कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर समस्याओं का त्वरित समाधान कराया गया।जन समाधान दिवस में लेस्लीगंज निवासी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की लाभुक साधना कुमारी ने उपायुक्त को बताया कि योजना की राशि लंबे समय से उनके बैंक खाते में प्राप्त नहीं हो रही है। इसी प्रकार नौडीहा निवासी शर्मिला कुमारी ने भी योजना की राशि भुगतान नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई।दोनों महिलाओं की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने तत्काल सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक को मामले की जांच कर यथाशीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जांच के दौरान पाया गया कि साधना कुमारी के मामले में बैंक खाते की दोहरी प्रविष्टि (डुप्लीकेट एंट्री) होने के कारण भुगतान बाधित था, जबकि शर्मिला कुमारी के मामले में संयुक्त बैंक खाते की प्रविष्टि के कारण योजना की राशि जारी नहीं हो पा रही थी।उपायुक्त के निर्देश पर सामाजिक सुरक्षा कार्यालय की टीम ने जन समाधान दिवस के दौरान ही दोनों मामलों में आवश्यक तकनीकी त्रुटियों का ऑन-द-स्पॉट निराकरण कर दिया। इसके साथ ही दोनों लाभुकों को आश्वस्त किया गया कि अगले माह से मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि नियमित रूप से उनके बैंक खातों में प्राप्त होने लगेगी।जन समाधान दिवस के दौरान भूमि, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कई आवेदन भी प्राप्त हुए, जिनके त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन के लिए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

