आपूर्ति विभाग की योजनाओं की समीक्षा,समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश
आपूर्ति विभाग की योजनाओं की समीक्षा,समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिला आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक कर विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA), झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना (JSFSS), धान अधिप्राप्ति, कस्टम मिल्ड राइस (CMR) जमा, चना-दाल वितरण तथा सोना-सोबरन धोती-साड़ी-लूंगी योजना की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गयी।समीक्षा के दौरान उपायुक्त श्री शेखावत ने सभी प्रखंडों में खाद्यान्न वितरण में तेजी लाने तथा लाभुकों तक समय पर राशन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।उन्होंने डोर स्टेप डिलीवरी की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए वितरण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने को कहा।बैठक में सोना-सोबरन धोती-साड़ी-लूंगी योजना की समीक्षा करते हुए डीसी ने शेष बचे सभी पात्र लाभुकों के बीच शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर जन वितरण प्रणाली की दुकानों एवं पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर वितरण कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा।उन्होंने निर्देश दिया कि जहां-जहां वर्तमान में जन सेवक गोदाम का प्रभार संभाल रहे हैं, वहां संबंधित मार्केटिंग ऑफिसर (एमओ) को ही सहायक गोदाम प्रबंधक (AGM) का अतिरिक्त प्रभार दिया जाए, ताकि गोदाम संचालन एवं खाद्यान्न वितरण व्यवस्था अधिक प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।बैठक में चना-दाल वितरण की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों के बीच निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर वितरण सुनिश्चित किया जाए तथा वितरण से संबंधित किसी भी शिकायत का त्वरित निराकरण किया जाए।इसके अलावा धान अधिप्राप्ति एवं सीएमआर जमा की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने लंबित कार्यों में तेजी लाने, राइस मिलों से समय पर सीएमआर प्राप्त करने तथा विभागीय योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।इस अवसर पर विभिन्न प्रखंडों के मार्केटिंग ऑफिसर एवं सहायक गोदाम प्रबंधक उपस्थित रहे।

