पांकी के +2 स्कूल में बड़ी चोरी, कंप्यूटर, UPS और डेस्कटॉप पर चोरों का हाथ साफ

पांकी स्थित आदर्श राजकीयकृत उच्च विद्यालय में हुई चोरी

​पांकी
पलामू जिले के आदर्श राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय, पांकी में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये मूल्य के कंप्यूटर उपकरण चोरी कर लिए। घटना की जानकारी तब हुई जब मंगलवार सुबह स्कूल खुलने पर शिक्षक वहां पहुंचे। प्रधानाध्यापक ने इस संबंध में स्थानीय थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।
प्राथमिकी के लिए दिए गए आवेदन के अनुसार, विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक कुलेश्वर राम ने बताया कि 7 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 9:00 बजे जब विद्यालय के शिक्षक मुकेश कुमार यादव, संजीव कुमार सिंह और शंभू प्रसाद स्कूल पहुंचे, तो उन्होंने व्यावसायिक शिक्षण कक्ष का ताला टूटा हुआ पाया। अंदर जाने पर कक्ष में रखे कंप्यूटर और अन्य कीमती सामान गायब थे।
​चोरी गए सामानों की सूची:
घटना में चोरों ने बड़ी सफाई से कंप्यूटर लैब को निशाना बनाया। चोरी गए सामानों में शामिल हैं:
​UPS 4 सेट,​CPU 2,​डेस्कटॉप 2,​माउस 3,​की-बोर्ड 3,​वॉल फैन 2
​प्रधानाध्यापक के अनुसार, चोरी गए इन सामानों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1,14,000 रुपये है। ऐसा प्रतीत होता है कि यह चोरी 6 जुलाई की रात में अज्ञात लोगों द्वारा अंजाम दी गई है।
विद्यालय प्रशासन ने स्थानीय थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और मामले की गहन जांच करने की मांग की है। चोरी की इस घटना से विद्यालय में शिक्षण सामग्री को लेकर चिंता बढ़ गई है और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।