गिरिडीह में भीषण सड़क हादसा, इनोवा-बाइक की टक्कर में तीन गंभीर घायल

गिरिडीह। पचम्बा–जमुआ मुख्य मार्ग पर सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना पथलानवाडीह के पास हुई जहां रांची से जमुआ होते हुए गिरिडीह की ओर आ रही इनोवा (नंबर JH10BV2018) का सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दूर जाकर जा गिरे और घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक पर तीन लोग सवार थे और वे पचम्बा से रेम्बा की ओर जा रहे थे। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी और स्थानीय निवासियों की मदद से घायलों को सड़क से हटाकर प्राथमिक सहायता दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, दुर्घटना में घायल एक बच्चे के पैर में फ्रैक्चर आया है, जबकि अन्य दो घायल भी गंभीर चोटें आयी हैं। चिकित्सकीय देखभाल के लिए आवश्यक इलाज जारी है।
हा,दसे के बाद स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि दुर्घटना की सूचना देने के बावजूद करीब एक घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची, और यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो घायलों को अस्पताल पहुंचाने में और अधिक देरी हो सकती थी। पुलिस ने अपने वाहन से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त इनोवा और बाइक को कब्जे में ले लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला तेज रफ्तार तथा लापरवाही से वाहन चलाने से जुड़ा पाया जा रहा है। आगे की कानूनी और तकनीकी जांच जारी है।