ऑटो चालक के बेटे ने खरीदी 90 लाख की लग्जरी कार, संघर्ष की प्रेरक कहानी
झारखंड के रहने वाले गौतम झा की सफलता की कहानी इन दिनों चर्चा में है। आर्थिक तंगी में बचपन बिताने वाले गौतम ने अपने संघर्ष के दम पर कारोबार की दुनिया में बड़ी पहचान बनाई और अब 90 लाख रुपये की लग्जरी कार खरीदकर सुर्खियों में हैं।
गौतम झा ने बताया कि उनके पिता ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे, जबकि उनकी मां कम वेतन वाली नौकरी के लिए रोज कई किलोमीटर पैदल जाती थीं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और संघर्ष को अपनी ताकत बनाया।
गौतम ने शुरुआत फ्लैश सेल से मोबाइल खरीदकर उन्हें रीसेल करने के काम से की। इसके बाद म्यूजिक स्टूडियो और अन्य क्रिएटिव बिजनेस में हाथ आजमाया। बाद में उन्होंने शेयर बाजार और ट्रेडिंग को अपना करियर बनाया, जहां उन्हें बड़ी सफलता मिली।
हाल ही में उन्होंने 90 लाख रुपये की लग्जरी कार खरीदी, जिसकी नंबर प्लेट पर वही नंबर दर्ज कराया गया है, जो कभी उनके पिता के ऑटो का हुआ करता था।

