गिरिडीह में प्रखंड स्तर पर लर्निंग लाइसेंस शिविर शुरू, 112 लोगों को मिला लाइसेंस
गिरिडीह। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा के निर्देश तथा उपायुक्त रामनिवास यादव के मार्गदर्शन में जिले भर में संचालित विशेष अभियान के तहत आज जमुआ प्रखंड में नवशिखुवा चालक अनुज्ञप्ति (लर्निंग लाइसेंस) जारी करने के प्रथम चरण का विधिवत शुभारंभ किया गया। जिलेवासियों को उनके प्रखंड स्तर पर ही ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा प्रदान करने, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और वैध वाहन संचालन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह अभियान आयोजित किया जा रहा है।
शिविर में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और उत्साहपूर्वक आवेदन किया। आयोजन के दौरान कुल 144 इच्छुक आवेदकों ने नवशिखुवा चालक अनुज्ञप्ति के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। सभी आवेदनों की विधिवत जांच एवं आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के पश्चात 112 पात्र आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस जारी किया गया। शेष आवेदनों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई जारी है।
जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि राज्य सरकार की इस पहल के तहत निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को बिना अनावश्यक परेशानी के नजदीक ही ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा मिल सके। इससे न सिर्फ समय और खर्च की बचत होगी, बल्कि अधिक से अधिक वाहन चालक वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त कर सड़क सुरक्षा में योगदान दे सकेंगे।
संतोष कुमार ने जनता से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर इस अभियान का लाभ उठाएं। साथ ही उन्होंने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, वैध लाइसेंस बनवाने तथा सुरक्षित और जिम्मेदार वाहन संचालन के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।

