“गिरिडीह रोजगार मेला 2026 में 82 युवाओं को मिली नौकरी, 90 शॉर्टलिस्ट”
गिरिडीह। झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में जिला नियोजनालय‑सह‑मॉडल करियर सेंटर, गिरिडीह द्वारा झंडा मैदान में “रोजगार मेला‑2026” का सफल आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जोड़ना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त रामनिवास यादव, महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीपप्रज्वलन करके किया। उद्घाटन के उपरांत अतिथियों ने मेले का अवलोकन किया और विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण कर अभ्यर्थियों से बातचीत की।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के रोजगार मेले युवाओं और नियोजकों के बीच एक प्रभावी मंच का कार्य करते हैं, जिससे योग्य अभ्यर्थियों को उनकी क्षमता के अनुरूप रोजगार प्राप्त होता है। उन्होंने युवाओं से कौशल विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ उठाने का आह्वान भी किया।
महापौर प्रमिला मेहरा ने कहा कि जिले के युवाओं को बेहतर से बेहतर रोजगार के विकल्प उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि बड़ी कंपनियाँ जिले के प्रतिभाशाली युवाओं को चिन्हित कर रोजगार प्रदान कर सकें। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से युवाओं का मनोबल बढ़ेगा और उन्हें भविष्य के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे।
रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियों ने भाग लिया और अपनी आवश्यकतानुसार अभ्यर्थियों के साक्षात्कार व चयन प्रक्रिया पूरी की। मेले में बड़ी संख्या में युवा‑युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत कुल 82 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया, जबकि 90 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट कर अगले चरण के लिए चुना गया है।

