जहरीले जंतु के काटने से पारा शिक्षक की मौत, गांव में शोक की लहर

जहरीला जंतु के काटने से पारा शिक्षक की मौत :

सगमा धुरकी थाना क्षेत्र के पूतुर गांव निवासी एवं अपने ही गांव के मध्य विद्यालय में कार्यरत 42 वर्षीय पारा शिक्षक मनोज कुमार यादव का सोमवार की सुबह जहरीला जंतु के काटने से परा शिक्षक की 10 बजे मौत ,उनकी असामयिक मौत से पूरे गांव, शिक्षा जगत और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मनोज कुमार यादव सोमवार सुबह हल-बैल के साथ अपने खेत में धान की बुवाई करने गए थे। खेत में धान का बीज डालने के बाद जब वे हेंगा चला रहे थे, तभी जहरीला जंतु के काटने से अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। पास में मौजूद ग्रामीण तत्काल उन्हें उठाकर घर ले आए। इसके बाद परिजन आनन-फानन में निजी वाहन से इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पूतुर गांव में मातम पसर गया। मृतक के घर पर ग्रामीणों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्वजनों ने बताया कि मनोज कुमार यादव अपने पीछे दो पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं। उनकी एक पुत्री की शादी हो चुकी है।
मनोज कुमार यादव सरल स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक के रूप में क्षेत्र में जाने जाते थे। उनके निधन से विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा ग्रामीणों में गहरा शोक है। पूरे क्षेत्र में लोग शोक संवेदना व्यक्त कर परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं।
परिजनों के अनुसार दिवंगत मनोज कुमार यादव का अंतिम संस्कार मंगलवार सुबह 9 बजे पूतुर गांव स्थित खटखरिया श्मशान घाट पर किया जाएगा।