मारवाड़ी युवा मंच का नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, 145 लोगों ने कराई स्वास्थ्य जांच
मारवाड़ी युवा मंच, गिरिडीह शाखा की ओर से रविवार सुबह कालीबाड़ी चौक स्थित डी क्लब में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मधुमेह (डायबिटीज), रक्तचाप (बीपी) एवं वजन की निःशुल्क जांच की गई। इस दौरान कुल 145 लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराकर शिविर का लाभ उठाया।
शाखा सचिव युवा निखिल झुनझुनवाला ने बताया कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस तरह के कार्यक्रम आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब प्रत्येक माह गिरिडीह के अलग-अलग क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
शाखा अध्यक्ष युवा अंकित सरावगी ने शिविर के सफल आयोजन के लिए संयोजक युवा सुशील झुनझुनवाला, सूरज बागला एवं सोनू सिंघानिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने शाखा सचिव निखिल झुनझुनवाला, कोषाध्यक्ष शेखर जालान तथा जॉइंट सेक्रेटरी अंकुश बसाईवाला के सहयोग की भी सराहना की, जिनके प्रयासों से कार्यक्रम का सफल संचालन संभव हो सका।
शिविर के दौरान पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष राकेश मोदी, गिरिडीह शाखा के पूर्व अध्यक्ष दिनेश खेतान, युवा धीरज जैन, राहुल केडिया एवं अमित अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में मारवाड़ी युवा मंच, गिरिडीह शाखा ने सभी चिकित्सकों, डी क्लब के सदस्यों, सहयोगकर्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाजसेवा के ऐसे कार्यों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

