धुरकी में सहकारिता सप्ताह पर बैठक, पैक्स अध्यक्षों को दिए अहम निर्देश

सहकारिता सप्ताह के तहत कृषि विभाग ने आयोजित की बैठक, पैक्स अध्यक्षों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

धुरकी कृषि विभाग की ओर से सहकारिता सप्ताह के तहत शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सीओ विमल कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी अम्बुज जयसवाल सहित प्रखंड के सभी पैक्स अध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक में सहकारिता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, किसानों को सरकारी योजनाओं का समय पर लाभ उपलब्ध कराने तथा पैक्स की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने पैक्स अध्यक्षों से किसानों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर उन्हें कृषि एवं सहकारिता विभाग की योजनाओं की जानकारी देने का आह्वान किया।
सीओ ने कहा कि सहकारिता किसानों की आर्थिक उन्नति का महत्वपूर्ण माध्यम है। सभी पैक्स अध्यक्ष पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें ताकि योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक समय पर पहुंचे। वहीं कृषि पदाधिकारी अम्बुज जायसवाल ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों के हित में सक्रिय भूमिका निभाने पर बल दिया।
बैठक में उपस्थित पैक्स अध्यक्षों ने भी अपने-अपने सुझाव रखे तथा सहकारिता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का भरोसा दिलाया।