प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा, शत-प्रतिशत पंजीकरण के निर्देश

गिरिडीह। समाज कल्याण विभाग की प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) पर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के क्रियान्वयन, लाभुकों के पंजीकरण, लंबित आवेदनों के निपटान तथा प्रखंडवार प्रगति की स्थिति का बारीकी से परीक्षण किया गया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के अंतर्गत पात्र गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए और PMMVY पोर्टल पर एंट्री की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि लाई जाए। उन्होंने विशेष रूप से द्वितीय किस्त (Second Instalment) से संबंधित लंबित मामलों का शत-प्रतिशत निष्पादन करने का आदेश दिया, ताकि पात्र लाभुकों को समय से लाभ पहुँच सके। उन्होंने कहा कि यह योजना मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने की दिशा में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण पहल है और किसी भी पात्र महिला का वंचित रहना स्वीकार्य नहीं होगा।
बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने भी उपस्थित अधिकारियों, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन लंबित आवेदनों का अनुमोदन सुनिश्चित करें ताकि अनावश्यक पेंडेंसी नहीं रहे। उन्होंने जीरो एनरोलमेंट वाले आंगनबाड़ी केंद्रों की संख्या शीघ्र घटाने, क्षेत्र भ्रमण एवं जन जागरूकता अभियान चलाने तथा प्रत्येक पात्र महिला का समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
बैठक में यह भी कहा गया कि योजना के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता बनाए रखी जाएगी और लक्ष्य प्राप्ति में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी। समाहरणालय ने प्रखंड स्तर पर नियमित अनुश्रवण, सतत मॉनिटरिंग और प्रभावी समन्वय के माध्यम से निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति का आग्रह किया है।