गिरिडीह में 10 जुलाई तक विशेष राजस्व शिविर, 124 पंचायतों में मिलेगी सुविधा

गिरिडीह। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देश पर जिले के सभी अंचलों में 01 जुलाई से 10 जुलाई तक हल्का-वार विशेष राजस्व शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शासन की पहल का उद्देश्य भूमि एवं राजस्व मामलों का त्वरित निपटान कर जनता को सुगम और पारदर्शी सेवाएँ उपलब्ध कराना है। अभियान के तहत कुल 124 पंचायतों में शिविर लगेंगे जिनमें भू-लगान, दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), जमाबंदी सुधार, भूमि अभिलेखों में त्रुटि सुधार, ऑनलाइन लगान रसीद, सीमांकन व भूमि विवाद संबंधी आवेदन आदि का निस्तारण किया जाएगा।
प्रत्येक अंचल में निर्धारित तिथियों पर पंचायत भवनों एवं अन्य स्थलों पर हल्का कर्मचारी, राजस्व उपनिरीक्षक एवं अंचल कार्यालय के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। बेंगाबाद, पीरटांड़, बगोदर, सरिया, तिसरी, गांडेय, डुमरी, बिरनी, सदर, देवरी, धनवार, गावां व जमुआ अंचलों में अलग-अलग स्थलों पर शिविरों की सूची जारी की गई है। उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों व राजस्व कर्मियों को आवेदन प्राथमिकता के आधार पर निपटाने व प्रतिदिन की प्रगति प्रतिवेदन जिला कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिलेवासियों से अपील की है कि वह निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेज लेकर शिविरों में उपस्थित होकर सुविधाओं का लाभ उठाएँ। प्रशासन का दावा है कि इन शिविरों से कार्यालयी चक्कर कम होंगे और लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित होगा।