जिला स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता 2026-27 का आगाज, डीडीसी ने किक मारकर किया उद्घाटन

जिला स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता 2026-27 का आगाज, डीडीसी ने किक मारकर किया उद्घाटन

12 प्रखंडों की विजेता टीमें ले रहीं भाग, तीन दिनों तक विभिन्न आयु वर्गों के मुकाबले होंगे आयोजित

गुमला। झारखंड शिक्षा परियोजना गुमला के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ गुरुवार को संत इग्नेशियुस उच्च विद्यालय के जुबली स्टेडियम में हुआ। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन उप विकास आयुक्त (डीडीसी) अनिमेश रंजन ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता के पहले मुकाबले की शुरुआत की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डीडीसी अनिमेश रंजन तथा विशिष्ट अतिथि नूर आलम खां का शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। अपने संबोधन में डीडीसी ने खिलाड़ियों को अनुशासन, खेल भावना और टीमवर्क के साथ खेलने का संदेश देते हुए कहा कि खेल व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

उद्घाटन समारोह के बाद अतिथियों ने जिले के सभी 12 प्रखंडों से प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता जीतकर पहुंचे खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका हौसला बढ़ाया।

प्रतियोगिता के मुकाबले संत इग्नेशियुस उच्च विद्यालय के जुबली स्टेडियम एवं ग्राउंड-बी में आयोजित किए जा रहे हैं। पहले दिन अंडर-17 बालक वर्ग के मैच खेले गए। जबकि 3 जुलाई को अंडर-17 बालिका वर्ग एवं 4 जुलाई को अंडर-15 बालक वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

इस प्रतियोगिता में जिले के सभी 12 प्रखंडों की विजेता टीमें हिस्सा ले रही हैं। आयोजन का उद्देश्य विद्यालयी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, खिलाड़ियों में खेल भावना का विकास करना तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन करना है।

इस अवसर पर एडीपीओ ज्योति खलखो, सहायक अभियंता शमशाद अली, एपीओ अमर प्रकाश टूटी, बीपीओ दिलदार सिंह, लाल चंद्र शेखरनाथ शहदेव सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।