उन्नाव एक्सप्रेसवे हादसे में एक परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौ,त हो गई, जबकि 12 यात्री घायल हो गए। हादसा बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के देवखरी गांव के पास सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हरियाणा से बिहार जा रही निजी स्लीपर बस के चालक को झपकी आने से बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा में पहुंच गई और सामने से आ रही आर्टिगा कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार महिला, दो बच्चियों समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौ,त हो गई। हादसे के बाद बस खंती में पलट गई, जिससे उसमें सवार 12 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।