सदर अस्पताल से लापता हुआ मरीज, परिजनों ने गुमला थाना में लगाई खोजबीन की गुहार

सदर अस्पताल से लापता हुआ मरीज, परिजनों ने गुमला थाना में लगाई खोजबीन की गुहार
गुमला
बसिया प्रखंड के चिंतामन कुरा गांव निवासी 55 वर्षीय बली महली रहस्यमय परिस्थितियों में सदर अस्पताल से लापता हो गया है। उनके परिजनों ने गुमला थाना में लिखित आवेदन देकर खोजबीन की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार बली महली के सिर में चोट लगने के कारण उन्हें बीते सोमवार को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को उनकी तबीयत में कुछ सुधार होने लगा। इसी दौरान मनोज की पत्नी दवा लेने अस्पताल परिसर से बाहर गई थीं। दवा लेने के दौरान बारिश शुरू हो गई, जिससे उन्हें लौटने में देर हो गई। बारिश थमने के बाद जब वह वार्ड में पहुंचीं तो बली अपने बेड पर नहीं थे।
इसके बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। कई दिनों तक लगातार तलाश करने के बावजूद बली का पता नहीं चलने पर गुरुवार की दोपहर करीब 12 बजे पुत्र मनोज महली गुमला थाना पहुंचे और लिखित आवेदन देकर उनकी खोजबीन की मांग की।
पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है और लापता मरीज की तलाश की जा रही है।