रोटरी क्लब ऑफ गिरिडीह ग्रेटर ने रोटरी डे, चिकित्सक दिवस एवं सीए दिवस पर किया पौधारोपण और सम्मान समारोह का आयोजन

रोटरी क्लब ऑफ गिरिडीह ग्रेटर ने रोटरी डे, चिकित्सक दिवस एवं सीए दिवस पर किया पौधारोपण और सम्मान समारोह का आयोजन
गिरिडीह, 01 जुलाई 2026। रोटरी वर्ष 2026-27 के प्रथम दिन रोटरी डे, राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस एवं राष्ट्रीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (सीए) दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ गिरिडीह ग्रेटर द्वारा सेवा, सम्मान एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सीसीएल डीएवी पब्लिक स्कूल, बनियाडीह परिसर में फलदार पौधों—नारियल, आम, अमरूद, लीची एवं जामुन आदि—के पौधारोपण से हुई। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री ओ.पी. गोयल, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ एवं रोटरी क्लब के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्राचार्य श्री गोयल ने रोटरी क्लब की इस पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सरोकार से जुड़ी पहल की सराहना करते हुए नवगठित पदाधिकारियों को नए रोटरी सत्र के लिए शुभकामनाएँ दीं।
इसके उपरांत होटल गार्डेन व्यू में आयोजित सम्मान समारोह में क्लब के चिकित्सक सदस्यों डॉ. परिमल सिन्हा, डॉ. रविकांत, डॉ. रितेश कुमार सिन्हा एवं डॉ. निखिल अग्रवाल को पौधा एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में क्लब से जुड़े चार्टर्ड अकाउंटेंट्स सीए ब्रह्मदेव प्रसाद, सीए दीपक सोनथालिया, सीए शंकर अग्रवाल, सीए आकाश रौशन, सीए प्रकाश दत्ता, सीए सुमित अग्रवाल, सीए राकेश कुमार, सीए रवि गाड़िया एवं सीए सुमित कुमार को भी पौधा एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही शहर की दंत चिकित्सक डॉ. खुशबू गर्ग को भी पौधा एवं स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सक समाज को स्वस्थ रखने का कार्य करते हैं, जबकि चार्टर्ड अकाउंटेंट देश की आर्थिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे समर्पित पेशेवरों का सम्मान करना समाज के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक सार्थक प्रयास है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेंद्र तर्वे, सचिव अनिल मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष सह कोषाध्यक्ष सीए ब्रह्मदेव प्रसाद, सीए दीपक सोनथालिया, सीए आकाश रौशन, डॉ. निखिल अग्रवाल, डॉ. रविकांत, कन्हैया विश्वकर्मा, गौतम खेतान, सीए राकेश कुमार, डॉ. परिमल सिन्हा, पीपी ज्योति प्रकाश गुप्ता, रंजीत लाल, सीए प्रकाश दत्ता, रो. मनीष गुप्ता, अजय गुप्ता सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
रोटरी क्लब ऑफ गिरिडीह ग्रेटर ने नए रोटरी वर्ष की शुरुआत सेवा, सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ करते हुए समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया।