गिरिडीह में SIR-2026 अभियान का निरीक्षण, उपायुक्त और एसपी ने बूथों पर लिया जायजा
गिरिडीह। जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने मंगलवार को गांडेय विधानसभा क्षेत्र के महेशलुंडी स्थित मतदान केंद्र संख्या-79 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गणना प्रपत्र भरने की प्रगति, मतदाताओं की सहभागिता तथा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अभियान पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से संचालित करने तथा प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इधर, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के एचई हाई स्कूल स्थित मतदान केंद्र संख्या-38 एवं 39 का निरीक्षण किया। उन्होंने गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, अभिलेखों के संधारण और मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना गणना प्रपत्र अवश्य भरें, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं शुद्ध बनाया जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में दर्ज प्रत्येक प्रविष्टि का सत्यापन कर पात्र मतदाताओं का नाम सुनिश्चित करना तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाना है। उन्होंने लोगों से अपने परिवार और आसपास के पात्र मतदाताओं को भी गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करने की अपील करते हुए कहा कि “कोई भी पात्र मतदाता छूटेगा नहीं” अभियान का मूल उद्देश्य है।

