मुहर्रम को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन अलर्ट, उपायुक्त-एसपी ने किया विभिन्न अनुमंडलों का दौरा

मुहर्रम को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन अलर्ट, उपायुक्त-एसपी ने किया विभिन्न अनुमंडलों का दौरा

गिरिडीह, 25 जून। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। इसी क्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने खोरीमहुआ, बगोदर-सरिया, डुमरी तथा सदर अनुमंडल सहित विभिन्न क्षेत्रों का संयुक्त दौरा कर ताजिया समितियों, धार्मिक नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों के साथ संवाद किया।

दौरे के दौरान अधिकारियों ने मुहर्रम पर्व को परंपरागत तरीके से शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाने की अपील की। उपायुक्त ने कहा कि गिरिडीह की पहचान आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता रही है, जिसे बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ताजिया समितियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा जुलूस को स्वीकृत मार्गों से ही निकालने का आग्रह किया।

उपायुक्त ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक तत्वों की हरकत या भ्रामक सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को दें। उन्होंने युवाओं को सामाजिक सद्भाव, अनुशासन और आपसी सम्मान के मूल्यों से जोड़ने पर भी बल दिया।

वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि मुहर्रम के दौरान संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। जिला पुलिस लगातार निगरानी कर रही है तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और किसी भी संदेश को साझा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।

संयुक्त दौरे के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अफवाहों से दूर रहने, भाईचारा बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।