जमीन विवाद में चाचा पर चली गोली, मुख्य आरोपी भतीजा प्रीतम तिवारी हथियार समेत गिरफ्तार”

पलामू – मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर ठेकेदार संजय तिवारी उर्फ गुड्डू तिवारी पर गोली चलाने के मामले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोलीकांड के मुख्य आरोपी और घायल ठेकेदार के सगे भतीजे प्रीतम तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिया है.

पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि यह पूरी घटना 20जून को मेदिनीनगर के जीएलए कॉलेज गेट के पास स्थित अष्टभुजी मंदिर के सामने घटित हुई थी. करीब 50 वर्षीय संजय तिवारी पर उनके ही भतीजे प्रीतम तिवारी ने जान से मारने की नीयत से गोली चला दी थी. बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच करीब 22.5 डिसमिल जमीन को लेकर लंबे समय से गंभीर विवाद चल रहा था, जिसके प्रतिशोध में इस वारदात को अंजाम दिया गया.