गुलाबचंद प्रसाद अग्रवाल इंटर कॉलेज की सफाईकर्मी सुनीता देवी का निधन, शोक की लहर
गुलाबचंद प्रसाद अग्रवाल इंटर कॉलेज की सफाईकर्मी सुनीता देवी का निधन, शोक की लहर
छतरपुर (पलामू): गुलाबचंद प्रसाद अग्रवाल इंटर कॉलेज, सड़मा की सफाई कर्मचारी एवं सड़मा निवासी सुनीता देवी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। परिजनों के अनुसार उन्होंने सोमवार की देर रात लगभग 12 बजे अपने आवास पर अंतिम सांस ली।
सुनीता देवी कॉलेज की स्थापना के शुरुआती समय से ही संस्थान में कार्यरत थीं और अपनी कर्तव्यनिष्ठा तथा सरल स्वभाव के कारण सभी के बीच लोकप्रिय थीं। उनके निधन की सूचना मिलते ही इंटर कॉलेज की प्राचार्या, डिग्री कॉलेज के प्राचार्य सहित कई शिक्षक एवं कर्मी उनके आवास पहुंचे तथा शोक संतप्त परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया।
मृतका के पति विजय राम ने बताया कि सुनीता देवी लंबे समय से मधुमेह (शुगर) एवं अन्य बीमारियों से पीड़ित थीं। उनका इलाज डालटनगंज में चल रहा था, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने के कारण उनका निधन हो गया।
सुनीता देवी के निधन से कॉलेज परिवार एवं क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उनके निधन को संस्थान के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

