फिल्म रिलीज से पहले माता वैष्णो देवी पहुंचे अक्षय कुमार, लिया आशीर्वाद

मुंबई। अभिनेता अक्षय कुमार अपनी आगामी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की रिलीज से पहले माता वैष्णो देवी के दरबार पहुंचे। गुरुवार को उन्होंने त्रिकुटा पर्वत पर स्थित पवित्र मंदिर में माथा टेककर मां का आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में अक्षय कुमार को देखकर प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी और कई फैंस उनके साथ सेल्फी लेने के लिए उत्साहित नजर आए।

सफेद पारंपरिक कुर्ते में पहुंचे अक्षय के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इससे पहले भी वह अपनी फिल्मों की रिलीज से पहले धार्मिक स्थलों पर दर्शन करते रहे हैं। इसी बीच फिल्म का नया गाना ‘दीवाने हैं’ भी जारी किया गया है। अहमद खान के निर्देशन में बनी ‘वेलकम टू द जंगल’ 26 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ कई बड़े सितारे नजर आएंगे।