गिरिडीह में कम्पु यादव प्रकरण को लेकर विभिन्न संगठनों ने सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग
गिरिडीह में कम्पु यादव प्रकरण को लेकर विभिन्न संगठनों ने सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग
गिरिडीह: आजसू पार्टी के कार्यकारी जिला अध्यक्ष एवं ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन के सह-जिलाध्यक्ष सुमित गौरव उर्फ कम्पु यादव के साथ कथित दुर्व्यवहार, गाली-गलौज, मारपीट तथा बिना कारण घंटों थाने में बैठाए रखने के आरोपों का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। इस घटना को लेकर सामाजिक, राजनीतिक और छात्र संगठनों में आक्रोश देखा जा रहा है।
सोमवार को यादव महासभा, राष्ट्रीय यादव सेना, आजसू महिला मोर्चा, आजसू छात्र संघ सहित विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
यादव महासभा के नेताओं राजेश यादव और दिनेश यादव ने कहा कि 11 जून को हुई कथित घटना गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी नागरिक के साथ अभद्र व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। नेताओं ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाई जाए। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों पर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई हो, वहीं आरोप गलत होने की स्थिति में भी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए।
संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि पुलिस प्रशासन का दायित्व जनता की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करना है। ऐसे में पुलिस अधिकारियों पर लगाए गए इस प्रकार के आरोप आम लोगों के विश्वास को प्रभावित करते हैं, इसलिए प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए पारदर्शी जांच करानी चाहिए।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे लोगों ने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई नहीं की गई तो यादव महासभा, राष्ट्रीय यादव सेना, आजसू परिवार तथा अन्य सामाजिक संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे। इसके तहत धरना-प्रदर्शन, विरोध मार्च और नगर थाना घेराव जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकते हैं।
इस अवसर पर यादव महासभा, राष्ट्रीय यादव सेना गिरिडीह , विभिन्न राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों के कई पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे

