अमेरिका भारत को गुलाम की तरह समझ रहा, केंद्र सरकार मौन : सूर्यपत सिंह
अमेरिका भारत को गुलाम की तरह समझ रहा, केंद्र सरकार मौन : सूर्यपत सिंह
मेदिनीनगर,पलामू: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के वरिष्ठ नेता सूर्यपत सिंह एवं जिला सचिव सह डालटनगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रत्याशी रूचिर कुमार तिवारी ने केंद्र सरकार और अमेरिका की नीतियों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान के रास्ते भारत आ रहे भारतीय नाविकों वाले जहाजों पर अमेरिका द्वारा की गई बमबारी में भारतीय नागरिकों की जान गई, लेकिन इस गंभीर मामले पर केंद्र सरकार की चुप्पी चिंताजनक है।
भाकपा नेता ने कहा कि तीन बड़े जहाज भारत की ओर आ रहे थे, जिनमें एक पेट्रोलियम टैंकर तथा दो खाद्य सामग्री से लदे जहाज शामिल थे। इन जहाजों पर भारतीय नाविक कार्यरत थे। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी हमले में जहाज क्षतिग्रस्त हो गए और तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई, जबकि अन्य को सुरक्षित बचा लिया गया।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका को भारत का करीबी मित्र बताते हैं, लेकिन अमेरिका का व्यवहार भारत के प्रति मित्रवत नहीं बल्कि प्रभुत्ववादी दिखाई देता है। उनका आरोप था कि केंद्र सरकार और तथाकथित “गोदी मीडिया” इस मुद्दे पर मौन साधे हुए हैं, जिससे आम जनता के बीच कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
सूर्यपत सिंह ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि भारत आर्थिक और राजनीतिक रूप से अमेरिका के प्रभाव में आता जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्र विदेश नीति और राष्ट्रीय स्वाभिमान को मजबूत करने की आवश्यकता है।भाकपा नेता ने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान कांग्रेस और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया था, जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की भूमिका को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी अमेरिका समर्थक नीतियों को बढ़ावा दे रही है, जो देशहित के अनुकूल नहीं है।
उन्होंने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ऐसी नीतियों का पुरजोर विरोध करती है तथा देशवासियों से राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए सजग रहने की अपील करती है। साथ ही उन्होंने भारत को एक मजबूत, स्वाभिमानी और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

